शनिवार, 31 दिसंबर 2016

आरबीआई ने एटीएम से कैश निकालने की लिमिट 2,500 से बढ़ाकर 4,500 रुपये की

आरबीआई ने दिया नये साल का गिफ्ट: अब एटीएम से रोजाना निकाल सकेंगे 4500 रुपये



भारतीय रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने जनता को एख राहत भरा फैसला सुनाया है। दरअसल आरबीआई ने एटीएम से निकाली जाने वाली कैश की राशि को बढ़ा दिया है। आम आदमी को राहत प्रदान करते हुये रिजर्व बैंक ने कहा कि एक जनवरी से एटीएम से प्रतिदिन 2,500 रूपये की जगह 4,500 रूपए तक निकाले जा सकेंगे। हालांकि, पैसे निकालने की साप्ताहिक सीमा में कोर्ई बढ़ोतरी नहीं की गयी है, जो एटीएम सहित एक व्यक्ति के लिए 24,000 रूपया है। छोटे व्यापारियों के लिए यह राशि 50,000 रूपया है।

एक अधिसूचना में आरबीआई ने कहा कि स्थिति की समीक्षा के आधार पर एक जनवरी 2017 से एटीएम से पैसे निकालने की सीमा प्रतिदिन वर्तमान 2,500 रूपया से बढ़ाकर 4,500 रूपया किया जा रहा है।  नौ नवंबर को 500 और 1000 रूपये की नोटबंदी के बाद बैंक के साथ एटीएम से पैसे निकालने की सीमा तय कर दी गयी थी। अब तक आरबीआई ने एटीएम से निकालने की कैश सीमा सिर्फ 2500 तय की थी लेकिन अब इसे बढ़ाकर 4500 रुपए कर दिया गया है। 1 जनवरी से आरबीआई का यह फैसला पूरे देश भर में लागू हो जाएगा।

भारतीय रेलवे आरक्षण चार्ट बनने के बाद खाली सीटों के लिए देगा 10 प्रतिशत छूट

एक जनवरी से आरक्षण चार्ट बनने के बाद खाली सीटों के लिए 10 प्रतिशत छूट देगा रेलवे

एक जनवरी से आरक्षण चार्ट बनने के बाद खाली सीटों के लिए 10 प्रतिशत छूट देगा रेलवे

भारतीय रेलवे ने देशभर की सभी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में आरक्षित सीटों के लिए पहला चार्ट बनने के बाद कैंसिल हुई टिकटों को 10 फीसदी की छूट के साथ बेचने का फैसला किया है। दरअसल 10 फीसदी छूट संबंधित ट्रेन के संबंधित क्लास के आखिरी बुकिंग किराए के बेसिक किराए में दी जाएगी। यह व्यवस्था नए साल में 1 जनवरी से लागू हो जाएगी। हालांकि, आरक्षण एवं सुपरफास्ट जैसे अन्य शुल्क पहले के समान लगाए जाएंगे।

इसके लिए जारी सर्कुलर में रेल मंत्रालय ने शताब्दी, राजधानी और दुरंतो एक्सप्रेस के साथ-साथ सभी गाड़ियों में पहला चार्ट बनने के बाद बची सीटों के लिए करंट बुकिंग पर किराए में दस प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है। रेलवे के एक आला अफसर के मुताबिक रेलवे ने अब तय किया है कि पहला चार्ट बनने के बाद करंट बुकिंग की टिकट पर आखिरी टिकट के किराए से दस फीसदी कम किराया लिया जाएगा। ट्रेन के अंदर खाली हुई सीटों के लिए टिकट निरीक्षक यानी टीटीई को भी दस फीसदी कम किराए पर टिकट बनाने का अधिकार दिया गया है।

रेलवे बोर्ड द्वारा जारी सर्कुलर के मुताबिक 10 फीसदी की छूट संबंधित क्लास की अंतिम बुक टिकट के बेसिक फेयर में दी जाएगी। टिकट पर लगने वाले आरक्षण फीस और सुपरफास्ट चार्ज यथावत लागू रहेंगे और इसके अलावा सर्विस टैक्स भी पहले जैसे ही लागू रहेगा। आरक्षित टिकट में दी जा रही है छूट अगले 6 महीने तक एक्सपेरिमेंट आधार पर लागू रहेगी।

मुलायम सिंह यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी से निकला

मुलायम सिंह यादव ने अपने बेटे अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव को 6 साल के लिए समाजवादी पार्टी से निकाला

मुलायम सिंह यादव ने अपने बेटे अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव को 6 साल के लिए समाजवादी पार्टी से निकाला

समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने अपने बेटे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी से निकाल दिया। मुलायम सिंह यादव ने अपने भाई और अखिलेश यादव के समर्थक प्रोफेसर रामगोपाल यादव को भी पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया। मुलायम ने कहा, "रामगोपाल यादव ने पार्टी को कमजोर करने का काम किया है। अखिलेश मेरी भी नहीं सुन रहे हैं। रामगोपाल ने उनका भविष्य खराब कर दिया है। समाजवादी पार्टी अब नया सीएम चुनेगी।''

देश में संभवत: ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी मौजूदा सीएम को उसके ही पिता ने पार्टी से बाहर कर दिया। वहीं, सपा में 6 महीने के अंदर दूसरी बार इस तरह की फूट सामने आई है। इस बार ये कलह टिकट बंटवारे को लेकर हुई है। दरअसल, मुलायम के बाद अखिलेश और शिवपाल ने कैंडिडेट्स की अपनी अलग-अलग लिस्ट जारी की थी। वहीं, रामगोपाल ने राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाने का एलान किया था। इसके बाद मुलायम ने अखिलेश-रामगोपाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। लेकिन वे जवाब देते, इससे पहले ही दोनों को पार्टी से बाहर कर दिया गया।

मुलायम-शिवपाल ने तीन बार में 393 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी की। इसके बाद अखिलेश यादव ने 235 कैंडिडेट्स की अपनी अलग लिस्ट जारी की। इसमें मुलायम की लिस्ट वाले 31 कैंडिडेट्स के नाम काट दिए। यहीं से टकराव गहराया। रामगोपाल यादव ने दिल्ली में आपातकालीन सम्मेलन बुलाया। इससे नाराज मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश और रामगोपाल को नोटिस भेजा। नोटिस भेजने के आधे घंटे के भीतर दोनों को पार्टी से निकाल दिया।

शुक्रवार, 30 दिसंबर 2016

शशिकला नटराजन एआईएडीएमके की नई महासचिव बनी

शशिकला नटराजन को मिली एआईएडीएमके की बागडोर, चुनी गईं पार्टी महासचिव

शशिकला नटराजन को मिली एआईएडीएमके की बागडोर, चुनी गईं पार्टी महासचिव

तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की करीबी सहयोगी वी के शशिकला को आज सत्तारूढ अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) का महासचिव नियुक्त किया गया।

अन्नाद्रमुक की महासभा की बैठक में मुख्यमंत्री ओ. पन्नीर सेल्वम सहित सभी शीर्ष नेता मौजूद थे। पार्टी की नीति निर्धारण की इस शीर्ष बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह फैसला भी किया गया कि जयललिता के निधन के बाद पार्टी संचालन के सभी अधिकार चिनम्मा को सौंपे जाएं। जयललिता के उत्तराधिकारी को लेकर पार्टी में चल रही सुगबुगाहट के बावजूद परिषद ने सभी अटकलें खारिज करते हुए चिनम्मा को यह पद सौंपा है।

पन्नीर सेल्वम के नेतृत्व में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने जयललिता के पोस गार्डन स्थित आवास पर शशिकला से मुलाकात की और उन्हें पार्टी के निर्णय से अवगत कराया। मुख्यमंत्री के साथ लोकसभा में पार्टी के उप नेता एम. थम्बीदुरई और इडापड्डी के. पलानिसामी सहित अन्य नेताओं ने उन्हें पार्टी के पारित प्रस्तावों की एक प्रति सौंपी। 

गुरुवार, 29 दिसंबर 2016

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा का निधन

 मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा का दिल का दौरा पड़ने से निधन


 मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा का दिल का दौरा पड़ने से निधन

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वो 92 साल के थे। राज्य सरकार ने पटवा के निधन के बाद 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। सुंदर लाल पटवा का अंतिम संस्कार नीमच जिले में उनके पैतृक गांव कुकडेश्वर में 29 दिसंबर को दोपहर 2 बजे होगा। उनकी पार्थिव देह भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में शाम चार बजे तक अंतिम दर्शनों के लिए रखी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व मुख्यमंत्री पटवा को श्रद्धांजलि देने भोपाल स्थित भाजपा दफ्तर पहुंचे। मोदी ने पटवाजी की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

पटवा दो बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। पहली बार 20 जनवरी, 1980 से लेकर 17 फरवरी ,1980 तक , जब राज्य में जनता पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनी थी। फिर 5 मार्च, 1990 से 15 दिसंबर 1992 तक वो भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के मुखिया रहे।

पटवा की राजनीतिक जीवन 1951 में शुरू हुई थी। पटवा पहले इंदौर राज्य प्रजा मंडल में काम किया फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ जुड़े । आपातकाल के दौरान पटवा को मीसा के तहत हिरासत में लिया गया था।  1948 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आंदोलन में भाग लेने के लिए पटवा सात महीने जेल में रहे।

पटवा 1997 में छिंदवाड़ा पहला लोकसभा उपचुनाव जीता, लेकिन अगले साल आम चुनाव में वो हार गए। 1999 में, वह होशंगाबाद लोकसभा जीता और 1999 से 2001 तक वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे।

नोटबंदी पर अध्यादेश को कैबिनेट की मंजूरी, 500-1000 रुपये के पुराने नोट रखने पर लगेगा जुर्माना

500-1000 रुपये के पुराने नोट रखने पर लगेगा जुर्माना, अध्‍यादेश को कैबिनेट ने दी मंजूरी

500-1000 रुपये के पुराने नोट रखने पर लगेगा जुर्माना, अध्‍यादेश को कैबिनेट ने दी मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को इस तरह के प्रावधान वाले अध्यादेश को मंजूरी दी है। नोटबंदी के बाद चलन से बाहर किए गए 500, 1000 रुपये के पुराने नोट रखने वालों पर अब जुर्माना लगेगा। उन्हें जेल की सजा भी हो सकती है। इसके तहत केंद्र सरकार 31 मार्च, 2017 के बाद किसी के पास एक सीमा से ज्यादा पुराने 500 और 1000 का नोट पाए जाने पर चार साल तक की जेल हो सकती है। साथ ही पुराने नोटों में लेन-देन करने पर 5000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है। यह अध्यादेश अमान्य किये गये उच्च मूल्यवर्ग के नोटों के प्रति सरकार और रिजर्व बैंक का दायित्व समाप्त करने के लिये है।

प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस दंडित करने के प्रावधान वाले अध्यादेश को मंजूरी दी गई। इसमें निर्धारित तिथि के बाद 500, 1000 रुपये के अमान्य नोट रखने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ साथ जेल की सजा का प्रावधान किया गया है। रिजर्व बैंक कानून में संशोधन वाले एक अन्य अध्यादेश को भी मंजूरी दी गई है जिसमें अमान्य किए गए इन नोटों के दायित्व से सरकार और केन्द्रीय बैंक को मुक्त किया गया है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचा जा सके।

सरकार ने 500, 1,000 रुपये के अमान्य नोटों को बैंकों में जमा कराने के लिये 50 दिन की समयसीमा तय की थी। यह समय 30 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। इसके अलावा यह भी कहा गया था कि एक घोषणा पत्र के साथ 31 मार्च तक इन नोटों को रिजर्व बैंक के विशिष्ट कार्यालयों में जमा कराया जा सकेगा। सरकार ने 8 नवंबर की मध्यरात्रि से 500, 1,000 रुपये के पुराने नोटों को अमान्य घोषित कर दिया था। ऐसे नोटों को नये नोटों से बदलने अथवा बैंक, डाकघर खातों में जमा कराने को कहा गया।

पूर्व गृह सचिव अनिल बैजल को दिल्ली का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया

पूर्व गृह सचिव अनिल बैजल होंगे दिल्ली के 21वें उप-राज्यपाल, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने लगाई मुहर

पूर्व गृह सचिव अनिल बैजल होंगे दिल्ली के 21वें उप-राज्यपाल, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने लगाई मुहर

पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल बैजल को दिल्ली का उप राज्यपाल नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को 70 वर्षीय बैजल की उपराज्यपाल पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी। इससे पहले राष्ट्रपति ने नजीब जंग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

1969 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल बैजल अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में गृह सचिव नियुक्त किए गए थे। लेकिन नियुक्ति के करीब चार महीने बाद ही जून 2004 में आई यूपीए सरकार ने इन्हें पद से हटाकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय में भेज दिया था। इसके बाद बैजल कई मंत्रालयों में कार्यरत रहे। 70 वर्षीय बैजल फिलहाल थिंक टैंक विवेकानंद फाउंडेशन की कार्यकारी परिषद में हैं।

नरेंद्र मोदी सरकार ने इस संस्थान से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत कई अवकाश प्राप्त अधिकारियों को अहम पदों पर नियुक्त किया है। बैजल दिल्ली के 21वें उपराज्यपाल होंगे। बैजल 2006 में शहरी विकास मंत्रालय के सचिव पद से रिटायर हुए थे।

वे दिल्ली विकास प्राधिकरण के वाइस चेयरमैन भी रह चुके हैं। उन्होंने मनमोहन सिंह सरकार की ओर से शुरू किए गए 60,000 करोड़ रुपये के जवाहरलाल नेहरू नेशनल अरब रिन्यूवल मिशन यानी जेएनएनयूआरएम को मूर्त रूप देने और इसे शुरू करने में अहम भूमिका निभाई है। नजीब जंग ने बतौर उप राज्यपाल साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा कर 22 दिसंबर को अचानक इस्तीफा दे दिया था।

बुधवार, 28 दिसंबर 2016

सुरेश कलमाड़ी बने भारतीय ओलंपिक संघ के आजीवन अध्यक्ष

सुरेश कलमाड़ी को भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) का मानद आजीवन अध्यक्ष नियुक्त किया गया


कॉमनवेल्थ खेलों में घोटाले के आरोपी सुरेश कलमाड़ी को भारतीय ओलंपिक संघ का  आजीवन अध्यक्ष नियुक्त किया गया


सुरेश कलमाड़ी को भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) का मानद आजीवन अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके साथ इनेलो नेता और हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय चौटाला को भी आजीवन अध्यक्ष बनाया गया है।

भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) की मंगलवार को चेन्नई में हुई वार्षिक आम सभा (एजीएम) में यह फैसला लिया गया। बैठक में इस आशय का प्रस्ताव संयुक्त सचिव और रियो ओलंपिक में भारतीय दल के प्रमुख रहे राकेश गुप्ता ने रखा और खास बात यह रही कि मौजूद सभी 120 सदस्यों ने ध्वनिमत से प्रस्ताव को पारित कर दिया। कलमाड़ी और चौटाला से पहले केवल विजय कुमार मल्होत्रा को ही आईओए का आजीवन अध्यक्ष बनाया गया था। वह 2011 और 2012 में आईओए के कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे थे।

सुरेश कलमाड़ी 1996 से 2011 तक आईओए अध्यक्ष रहे और उन्हें 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में घोटाले में संलिप्तता के कारण दस महीने जेल की सजा काटनी पड़ी थी। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। पुणे में जन्मे 72 वर्षीय कलमाड़ी कांग्रेस के पूर्व सांसद भी हैं। वह 2000 से 2013 तक एशियाई एथलेटिक्स संघ के भी अध्यक्ष रहे थे। उन्हें पिछले साल ही एशियाई एथलेटिक्स संघ का आजीवन अध्यक्ष बनाया गया था। वह अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) के भी 2001 से 2013 तक सदस्य रहे।

क्रिकेटर समित गोहेल ने रणजी ट्रॉफी में बनाये नाबाद 359 रन,117 साल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

गुजरात के बल्लेबाज समित गोहेल ने तोड़ा 117 साल का पुराना रिकॉर्ड, रणजी ट्रॉफी में खेली नाबाद 359 रन की पारी


गुजरात के बल्लेबाज समित गोहेल ने तोड़ा 117 साल का पुराना रिकॉर्ड, रणजी ट्रॉफी में खेली नाबाद 359 रन की पारी


गुजरात के 26 साल के सलामी बल्लेबाज समित गोहेल ने ओड़िशा के खिलाफ रणजी ट्राफी क्वार्टर फाइनल में आज यहां पारी में नाबाद रहते हुए 359 रन बनाए और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पूरी पारी में अजेय रहते हुए सर्वाधिक स्कोर का 117 साल पुराना रिकार्ड तोड़ा। हनीफ मोहम्मद के 499 रन पारी की शुरूआत करते हुए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है लेकिन पारी की शुरूआत करके नाबाद रहते हुए गोहेल से अधिक रन किसी ने नहीं बनाए हैं। गुजरात ने 641 रन बनाए।

गोहेल ने समरसेट के खिलाफ सरे के बाबी एबेल का 357 रन का रिकार्ड तोड़ा जो उन्होंने 1899 में केनसिंगटन ओवल मैदान में बनाया था। गोहेल ने 723 गेंद की अपनी पारी के दौरान 45 चौके और एक छक्का मारा था।

गुजरात का स्कोर एक समय 453/8 था लेकिन समित ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 641 तक पहुंचा दिया, जिसमें आधे से ज्यादा रन उनके नाम थे। हालांकि अंत में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पटेल के आउट होने से समित को अपने 400 रन पूरे करने का मौका नहीं मिला। पहली पारी के बढ़त के आधार पर गुजरात ने ओडिशा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है और वहां उनका सामना बेहतरीन फॉर्म में चल रही झारखंड से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई और तमिलनाडु आमने-सामने होंगे।

मंगलवार, 27 दिसंबर 2016

मशहूर ब्रिटिश पॉप सिंगर माइकल का 53 साल की उम्र में निधन

ग्रैमी अवार्ड विजेता ब्रिटिश पॉप सिंगर जॉर्ज माइकल का 53 साल की उम्र में निधन


ग्रैमी अवार्ड विजेता ब्रिटिश पॉप स्टार जॉर्ज माइकल का निधन


जाने माने ब्रिटिश पॉप गायक और दो बार ग्रैमी अवार्ड विजेता जॉर्ज माइकल का निधन इंग्लैंड के ऑक्सफोर्डशायर स्थित उनके घर में हो गया। वह 53 वर्ष के थे।

बयान में कहा गया ' उनका परिवार चाहता है कि इस मुश्किल और भावनात्मक समय पर उनकी गोपनीयता का सम्मान किया जाये।' 25 जून 1963 को जन्में जॉर्ज माइकल का असली नाम जॉर्जियोस किरियाकोस पनाईओटोऊ था। 1980 के दशक में जॉर्ज ने अपने स्कूल के दोस्त एंड्रयू रिजेले के साथ मिलकर'व्हाम!'बैंड का गठन किया।

'व्हाम!'के एकल ने (सिंगल एल्बल) 'केयरलेस व्हिस्पर' को दुनिया भर में लोगों ने पसंद किया। इस एलबम की दुनिया भर में तकरीबन 60 लाख प्रतियां बेची गयी है। हालांकि दोनों की जोडी ज्यादा समय तक नहीं चली और जॉर्ज अकेले गायन और गीतकार के रूप में काम करते रहे।

जॉर्ज माइकल 1987 में निकले उनके एकल एल्बम 'फेथ' की दुनिया भर में दो करोड़ से भी ज्यादा प्रतियां बेचीं गयी और इस एल्बम ने अमेरिका में कई रिकॉर्ड बनाये। 2004 में रेडियो अकादमी ने जॉर्ज माइकल को 1984-2004 तक की अवधि के दौरान ब्रिटिश रेडियो पर सवार्धिक बजाये जाने वाले कलाकार का दर्जा दिया।

उनके निजी जीवन और पेशेवर कैरियर पर आधारित वृत्तचित्र 'अ डिफरेंट स्टोरी'2005 में रिलीज़ हुई। उनके लोकप्रिय एल्बम में फेथ, लिसेन विदाउट प्रीज्यूडाइस, ओल्डर, सौंग्स फॉर्म द लास्ट सेंचुरी और पेशेंस शामिल है।

सोमवार, 26 दिसंबर 2016

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लकी ग्राहक और डिजिधन व्यापार योजना शुरू की

डिजिटल भुगतान : क्रिसमस के मौके पर नरेंद्र मोदी ने लकी ग्राहक और डिजिधन व्यापार योजना शुरू की


डिजिटल भुगतान : क्रिसमस के मौके पर नरेंद्र मोदी ने लकी ग्राहक और डिजिधन व्यापार योजना शुरू की



25 दिसम्बर को क्रिसमस की सौगात के रूप में पीएम नरेंद्र मोदी ने ग्राहकों और छोटे व्यापारियों के लिए दो योजनाओं की घोषणा की है। इसके तहत पंद्रह हज़ार लोगों को ड्रॉ सिस्टम से इनाम मिलेगा। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ‘डिजीधन व्यापार योजना' में व्यापारी जुड़ें और अपना कारोबार भी #cashless बनाने के लिए ग्राहकों को भी जोड़ें। व्यापारियों का अपना व्यापार भी चलेगा और ऊपर से इनाम का अवसर भी मिलेगा। यह योजना, समाज के सभी वर्गों, खास करके ग़रीब एवं निम्न मध्यम-वर्ग के लिए बनायी गई है।
यह योजना 25 दिसंबर से 14 अप्रैल तक चलेगी इसके बीच सरकार डिजिटल लेनदेन करने वालो को करोड़ों के इनाम दिए जाएंगे। ‘डिजिधन व्यापार योजना और लकी ग्राहक योजना’ के तहत 100 दिन तक रोज 15 हजार लोगो को एक-एक हजार रुपये का इनाम मिलेगा।  लकी ग्राहक योजना आम लोगों और डीजी धन व्‍यापारी योजना व्‍यापारियों में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए लॉन्‍च की है।

लकी ग्राहक योजना क्या है?

अगर कोई आम आदमी डिजिटल लेनदेन करता है तो हर दिन लकी ड्रा के द्वारा एनपीसीआई  अगले 100 दिनों तक हर दिन 15 हजार विजेताओं की घोषणा करेगी जिनमें से हर एक को 1 हजार रुपए दिए जाएंगे। यह क्रिसमस यानी 25 दिसंबर से शुरू होगा। और 14 अप्रैल तक चलेगा।

डिजिधन व्यापार योजना क्या है

डीजी धन व्‍यापारी योजना के तहत व्‍यापारियों को हर हफ्ते 7 हजार का इनाम दिया जाएगा और सर्वाधिक पुरस्‍कार राशि 50 हजार रुपए का होगा। यह योजना 25 दिसंबर से 14 अप्रैल के बीच चलेगी आम ग्राहकों के लिए ‘लकी ग्राहक योजना’ तथा व्यापारियों के लिए ‘डिजिधन व्यापार योजना’ शुरू की गयी है।

कांत ने बताया कि योजना के तहत मेगा पुरस्कारों की घोषणा अंबेडकर जयंती के दिन 14 अप्रैल को होगी। पहला पुरस्कार एक करोड़ रुपये, दूसरा पुरस्कार 50 लाख रुपये तथा तीसरा पुरस्कार 25 लाख रुपये का होगा। लकी ग्राहक योजना 50 रुपये से 3000 रुपये तक के लेनदेन के लिए है। इसमें 25 दिसंबर से सौ दिन तक हर रोज 15 हजार विजेताओं के नाम घोषित किए जाएंगे जिन्हें एक-एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा हर सप्ताह सात हजार भाग्यशाली ग्राहकों को एक लाख रुपये, 10 हजार रुपये तथा पांच हजार के पुरस्कार दिए जाएंगे।

दोनों योजनाओं के लिए संचालन एजेंसी राष्ट्रीय भुगतान निगम को बनाया गया है। पुरस्कारों के लिए चयन रैंडम तरीके से सॉफ्टवेयर द्वारा किया जाएगा। एक ग्राहक को अधिकतम तीन बार पुरस्कार मिल सकता है। पुरस्कार राशि सीधे ग्राहक के खाते में पहुंच जाएगी।

रविवार, 25 दिसंबर 2016

बांग्ला साहित्य के जानेमाने कवि शंख घोष को वर्ष 2016 का ज्ञानपीठ पुरस्कार देने की घोषणा

जाने-माने बांग्ला कवि और आलोचक शंख घोष को मिलेगा  वर्ष 2016 का ज्ञानपीठ पुरस्कार




वर्ष 2016 का 52वां ज्ञानपीठ पुरस्कार कवि शंख घोष को प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में शंख घोष को वाग्देवी की प्रतिमा, 11 लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। कवि शंख घोष 19 साल बाद देश का सर्वोच्च साहित्य सम्मान पाने वाले बांग्ला लेखक हैं। कवि शंख घोष से पहले 1996 में बांग्ला लेखिका महाश्वेता देवी को ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया गया था।

विद्वान, समालोचक और लेखक डा. नामवर सिंह की अध्यक्षता में ज्ञानपीठ चयन बोर्ड की बैठक में निर्णय किया गया कि वर्ष 2016 का 52वां ज्ञानपीठ पुरस्कार कवि शंख घोष को प्रदान किया जाएगा। शंख घोष की प्रमुख रचनाओं में आदिम लता-गुलमोमॉय, मूखरे बारो, सामाजिक नोय, बाबोरेर प्रार्थना, दिनगुली रातगुली और निहिता पातालछाया शामिल हैं। उनका जन्म 1932 में हुआ था और उन्हें कवि, आलोचक और विद्वान के तौर पर जाना जाता है।

शंख घोष को साहित्य अकादेमी पुरस्कार, सरस्वती सम्मान, रवीन्द्र पुरस्कार जैसे महत्वपूर्ण पुरस्कारों से नवाजा गया है। इससे पहले बांग्ला लेखकों ताराशंकर, विष्णु दे, सुभाष मुखोपाध्याय, आशापूर्णा देवी और महाश्वेता देवी को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिल चुका है।

पहला ज्ञानपीठ पुरस्कार वर्ष 1965 में मलयालम लेखक जी शंकर कुरूप को प्रदान किया गया था और वर्ष 2015 के ज्ञानपीठ पुरस्कार से गुजराती लेखक रघुवीर चौधरी को नवाजा गया था। वर्ष 2016 तक 57 लेखकों को ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

शनिवार, 24 दिसंबर 2016

भारत ने श्रीलंका को हराकर जीता अंडर-19 एशिया कप 2016 का खिताब

भारत ने जीता अंडर 19 एशिया कप 2016 का खिताब, फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 34 रन से हराया

भारत ने जीता अंडर 19 एशिया कप 2016 का खिताब, फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 34 रन से हराया

भारत की अंडर 19 टीम ने 23 दिसंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 34 रन से हराकर एशियाई क्रिकेट परिषद का अंडर 19 एशिया कप खिताब जीत है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 273 रन का स्कोर खडा बनाया। भारत ने इसके बाद अपने स्पिनरांे के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका अंडर 19 टीम को आर प्रेमदासा स्टेडियम में 48.4 ओवर में 239 रन पर ढेर कर दिया।

भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज हिमांशु राणा ने 79 गेंद में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 71 रन की पारी खेली जबकि शुभम गिल ने 92 गेंद में चार चौकों की मदद से 70 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी भी की। इससे पहले राणा ने पृथ्वी शा (39)  के साथ पहले विकेट के लिए 67 रन जोडकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।

श्रीलंका की तरफ से निपुन रंसिका और प्रवीण जयाविक्रमा ने क्रमश: 50 और 53 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम अभिषेक शर्मा (37 रन पर चार विकेट) और राहुल चाहर(22) रन पर तीन विकेट की फिरकी के जादू के सामने सलामी बल्लेबाज रेवेन कैली (62) और कमिंदु मेंडिस (53) के अर्धशतक के बावजूद 239 रन ही बना सकी।

शुक्रवार, 23 दिसंबर 2016

दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग ने दिया इस्तीफा

दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दिया, पीएम मोदी और सीएम केजरीवाल को दिया धन्यवाद

दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग ने इस्तीफा दिया

दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग ने 22 दिसंबर को इस्तीफा दे दिया। नजीब जंग ने सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। जंग 9 जुलाई 2013 से इस पद पर थे और दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार से अधिकार पर तकरार की वजह से लगातार चर्चा में रहते थे।

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार और उप-राज्यपाल के बीच अधिकार के झगड़े में यह कहकर उप-राज्यपाल को झटका दिया था कि चुनी हुई सरकार के पास कुछ तो अधिकार होना चाहिए।

उप-राज्यपाल नजीब जंग के कार्यकाल का डेढ़ साल अभी बाकी था लेकिन समय से पहले ही उन्होंने अपने पद इस्तीफा दे दिया। अभी तक उनके इस्तीफे की अंदरूनी वजह साफ नहीं हो पाई है। नजीब जंग उप-राज्यपाल बनाए जाने से पहले जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के वीसी रह चुके हैं। जंग भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी भी रह चुके हैं।

राज निवास द्वारा जारी बयान में नजीब जंग ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की जनता का आभार जताया है। नजीब जंग की नियुक्ति तब हुई थी जब केंद्र में मनमोहन सिंह की सरकार थी। 

भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन बने साल 2016 के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर

भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन बने ‘आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ 2016



रविचंद्रन अश्विन बने ‘आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ 2016

भारत के स्टार ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन को साल 2016 का ‘आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ चुना गया है। इसके अलावा रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवार्ड भी हासिल किया है। रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजों के आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज हैं। वह आईसीसी की ऑलराउंडरर्स रैकिंग में भी टॉप पर हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 22 दिसंबर को 2016 आईसीसी अवॉर्ड की घोषणा की और भारत के स्टार ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन को आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी दी। रविचंद्रन अश्विन को यह अवॉर्ड 14 सितंबर 2015 से लेकर 20 सितंबर 2016 के 12 महीनों की परफॉर्मेंस के आधार पर दिया गया है। इस अवधि में रविचंद्रन अश्विन ने 8 टेस्ट मैच खेले और 15.39 के औसत से 48 विकेट चटकाए। वहीं, वनडे में उन्होंने 3 मैचों में 47.66 के औसत से 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा, टी-20 फॉर्मेट में अश्विन ने 18 मैच खेले और 6.42 के औसत से 25 विकेट चटकाए।

रविचंद्रन अश्विन का नाम "टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द इयर" के लिए भी चुना गया है। टेस्ट क्रिकेट में 48 विकेट चटकाने के अलावा उन्होंने 9 इनिंग्स में 42 के औसत से 336 रन भी बनाए।

इसके अलावा साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक को वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है। डी-कॉक ने 15 वनडे मैचों में 56.28 की औसत से 788 रन बनाए हैं। इसके अलावा बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईसीसी इमर्जिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है। इसके अलावा पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने आईसीसी स्प्रिट ऑफ क्रिकेट का पुरस्कार जीत लिया है। यह पुरस्कार जीतने वाले मिस्बाह पहले पाकिस्तानी व विश्व के छठें कप्तान हैं।

गुरुवार, 22 दिसंबर 2016

हिंदी में नासिरा शर्मा सहित 24 को मिला साहित्य अकादमी पुरस्कार

साहित्य अकादमी पुरस्कार 2016: हिन्दी में नासिरा शर्मा, उर्दु में निजजाम सिद्दीकी को साहित्य अकादमी पुरस्कार



हिन्दी की जानी मानी लेखिका नासिरा शर्मा को इस साल का हिन्दी में साहित्य अकादमी पुरस्कार देने की घोषणा की गई। नासिरा को हिन्दी उपन्यास ‘पारिजात’ के लिए इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। चौबीस भाषाओं के लेखकों को 21 दिसम्बर को 'साहित्य अकादमी पुरस्कार 2016' देने की घोषणा की गई। कुल 24 भारतीय भाषाओं में उत्कृष्ट रचनाओं के लिए इस अवॉर्ड को दिया जाता है।

नासिरा के अभी तक दस कहानी संकलन, छह उपन्यास और तीन लेख-संकलन प्रकािशत हो चुके हैं। उन्होंने राजस्थानी लेखकों की कहानियों का संपादन भी किया है। 1948 में इलाहाबाद में जन्मी सुश्री शर्मा ने फ़ारसी भाषा और साहित्य में एम.ए. किया है। उनकी हिंदी, उर्दू, फ़ारसी, अंग्रेज़ी और पश्तो भाषाओं पर गहरी पकड़ है।

साहित्य अकादमी पुरस्कार 2016 से सम्मानित होने वाले व्यक्तियों की सूची

इसके अलावा उर्दू में निजाम सिद्दीकी को उनकी समालोचना माबाद-ए-जदिदिआत से नए अहेद की तखलिकियात तक’, अंग्रेजी में जेरी पिंटो को उनके उपन्यास एम एंड द बिग हूम’, मैथिली में श्याम दरिहरे को उनके कहानी संग्रह बड़की काकी एट हॉटमेल डॉट कॉम, पंजाबी में स्वराजबीर को उनके नाटक मसिआ दी रात’, कश्मीरी भाषा में अजीज हाजिनी को उनके समालोचना आने-खाने को के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला।

राजस्थानी में बुलाकी को उनके कहानी संग्रह मरदजात अर दूजी कहानियां’ के लिए, असमिया में ज्ञान पुजारी को उनके कविता संग्रह मेघमालार भ्रमण’, बोडो में अंजू (अंजलि नार्जारी) को उनके कविता संग्रह आं माबोरै दं दासों के लिए, डोगरी में छत्रपाल को उनके कहानी संग्रह %चेता’ के लिए, गुजराती में कमल वोरा को कविता संग्रह अनेकअेक’ के लिए, कन्नड़ में बोलवार महमद के. को उनके उपन्यास स्वतंत्रायदा ओटा, मलयालम में प्रभा वर्मा को कविता संग्रह श्याममाधवम’ के लिए, बांग्ला में नृसिंह प्रसाद भादुड़ी को उनके निबंध महाभारतेर अष्टादशी’के लिए पुरस्कार दिया जाएगा।

कविता संग्रह वर्ग में संस्कृत में सीतानाथ आचार्य शास्त्री को काव्यनिर्झरी’ के लिए, संथाली में गोबिंदचंद्र माझी को नालहा’ के लिए, सिन्धी में नंद जावेरी को आखर कथा’ के लिए और तेलूगु में पापिनेनि शिवशंकर को रजनीगन्धा’ के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। कहानी वर्ग में तमिल में वन्नदासन को ओरू सिरू इसै’ के लिए, मराठी में आसाराम लोमटे को 'आलोक' के लिए और मणिपुरी में मोइराड्थेन राजेन को चेपथरबा ईशिड्पुन’ के लिए पुरस्कार दिया जाएगा। कोंकणी में एडविन जे. एफ. डिसोजा को कोल भांगर’ और नेपाली में गीता उपाध्याय जन्मभूमि मेरो स्वदेश’ के लिए पुरस्कार दिया जाएगा।

बुधवार, 21 दिसंबर 2016

सीबीएसई का बड़ा फैसला: 2018 से दसवीं के छात्रों के लिए जरूरी होंगी बोर्ड परीक्षाएं

सीबीएसई ने अनिवार्य किया दसवीं बोर्ड, अगले साल से देने होंगे एग्जाम

CBSE ने अनिवार्य किया 10वीं बोर्ड, अगले साल से देने होंगे एग्जाम


सीबीएसई की संचालन समिति ने 2018 से 10वीं कक्षा में बोर्ड परीक्षाओं को अनिवार्य करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब अगले साल से 10वीं के स्टूडेंट को बोर्ड का एग्जाम देना होगा।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) इस महीने के अंत में बैठक करेगा और इसमें अगले शैक्षणिक सत्र से दसवीं बोर्ड परीक्षा को अनिवार्य बनाने का प्रस्ताव पारित होगा।

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा था कि मुझे विश्वास है कि 2017-18 शैक्षणिक सत्र से सभी छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा अनिवार्य होगी। यह अनुचित है कि 2.3 करोड़ छात्र विभिन्न राज्य बोर्ड की परीक्षा दे रहे हो जबकि 20 लाख छात्र बोर्ड परीक्षा नही दे रहे हों। गौरतलब है कि सीबीएसई ने छह साल पहले दसवीं में बोर्ड की परीक्षा देने को वैकल्पिक कर दिया था।

इसके तहत कुल अंकों का 80 प्रतिशत हिस्‍सा बोर्ड एग्‍जाम पर और 20 प्रतिशत हिस्‍सा आंतरिक मूल्यांकन पर आधारित होगा। सीबीएसई ने एक सर्वे किया था, जिसमें ज्‍यादातर ने सहमति जताई थी कि दसवीं का बोर्ड एग्‍जाम अनिवार्य हो। एक सर्कुलर के जरिए स्‍कूलों को जल्‍द ही इस बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।

मंगलवार, 20 दिसंबर 2016

करुण नायर ने जड़ी ट्रिपल सेंचुरी, भारत ने टेस्ट में बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर

करुण नायर ने जड़ी ट्रिपल सेंचुरी, वीरेन्द्र सहवाग के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने


करुण नायर ने जड़ी ट्रिपल सेंचुरी, वीरेन्द्र सहवाग के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने


भारत के युवा बल्लेबाज करुण नायर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपने करियर का पहला तीहरा शतक (नॉटआउट 303 रन) लगाया। करुण नायर भारत के दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में तीहरा शतक लगाया हो। इससे पहले भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग दो बार ये कारनामा कर चुके हैं। करुण नायर ने 303 रन बनाने के लिए 381 गेंदें खेली। करुण की ट्रिपल सेंचुरी के बाद कप्तान विराट कोहली ने 7 विकेट पर 759 रन के स्कोर पर पारी समाप्त घोषित कर दी। इस तरह भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में पहली पारी में 282 रन की बढ़त हासिल की।

अपनी पहली पारी में 477 रन बनाने वाले इंग्लैंड को चौथे दिन पांच ओवर खेलने का मौका मिला, जिसमें उसने बिना किसी नुकसान के 12 रन बनाए हैं। वह अब भी भारत से 270 रन पीछे है और कल पांचवें दिन उसके बल्लेबाजों को भारतीय स्पिनरों की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। स्टंप उखड़ने के समय कप्तान एलिस्टेयर कुक ३ और कीटन जेनिंग्स नौ रन पर खेल रहे थे।

सोमवार, 19 दिसंबर 2016

पुअर्तो रिको की स्टेफनी डेल वाले ने जीता मिस वर्ल्ड 2016 का ख़िताब

मिस पुअर्तो रिको स्टेफनी डेल बनीं मिस वर्ल्ड 2016


मिस पुअर्तो रिको स्टेफनी डेल बनीं 2016 की मिस वर्ल्ड

पुअर्तो रिको की स्टेफनी डेल वाले ने मिस वर्ल्ड 2016 का ख़िताब जीत लिया है। मिस वर्ल्ड की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, पिछले साल की विजेता स्पेन की मिरिया लालागुना रोयो ने उन्हें मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया। हालांकि, भारत की मिस इंडिया प्रियदर्शिनी चटर्जी टॉप 5 में भी जगह नहीं बना पाई।

मिस डॉमिनिकन रिपब्लिक यारिट्जा मिगुएलीना रेयेस रमिरेज दूसरे और मिस इंडोनेशिया नताशा मैनुएला तीसरे नंबर पर रहीं। वॉशिंगटन में हुई मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में मिस पुअर्तो रिको स्टेफनी डेल वाले ने 116 कंटेस्टेंट्स को हराकर मिस वल्र्ड 2016 का क्राउन जीता।  मिस पुअर्तो रिको स्टेफनी डेल वाले पेशे से संगतकार और मॉडल हैं। वो पुअर्तो रिको की दूसरी मिस वल्र्ड विजेता हैं।

भारत ने जीता जूनियर हॉकी विश्व कप 2016 का खिताब, फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराया

भारत बना जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2016 का चैंपियन, 15 साल बाद जीता खिताब!


भारत बना जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2016 का चैंपियन, 15 साल बाद जीता खिताब!


भारत ने एफआईएच जूनियर हॉकी विश्व कप के फाइनल मुकाबले में बेल्जियम को मात देकर 15 साल के सूखे को खत्म करते हुए दूसरी बार खिताब जीत लिया। भारत ने खिताब की आशा लिए पहली बार फाइनल में पहुंची बेल्जियम की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए 2-1 से जीत हासिल की।

लखनऊ के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत के लिए गुरजंत सिंह और सिमरनजीत सिंह ने गोल किए। भारत की जीत में गोलकीपर विकास दहिया ने भी अहम भूमिका निभाई।
गुरजंत ने आठवें और सिमरनजीत ने 22वें मिनट में शानदार फील्ड गोल किए। मैच के आखिरी मिनट में बेल्जियम को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर वे गोल करने में सफल रहे, लेकिन यह गोल उन्हें जीत दिलाने में नाकाफी साबित हुआ।

भारत के गुरजंत सिंह को मैन ऑफ़ द फाइनल और जर्मनी के टिम हर्ज्ब्रुक को अंडर 19 प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट चुना गया। स्पेन के एनरिक गोंज़ालेज़ को मैन ऑफ़ द टूर्नामेंट चुना गया।

भारत ने इससे पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी में 4-2 से हराया था। क्वार्टरफाइनल में टीम ने स्पेन की मजबूत टीम को 2-1 से हराया था। ग्रुप स्टेज में भारत ने कनाडा को 4-0 से, इंग्लैंड को 5-3 से और दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराया था।

साल 2001 में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में अर्जेंटीना को 6-1 से हारकर खिताब पर कब्जा जमाया था। भारत तीसरी बार जूनियर विश्व कप के फाइनल में पहुंचा था। वहीं 1997 में इंग्लैंड में हुए टूर्नामेंट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था।

रविवार, 18 दिसंबर 2016

लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत नए थलसेना प्रमुख और एयर मार्शल बीएस धनोआ बने वायुसेना प्रमुख

बिपिन रावत बने भारत के नए सेना प्रमुख, बी एस धनोआ होंगे नये वायुसेना प्रमुख


बिपिन रावत होंगे नए सेना प्रमुख, बी एस धनोआ होंगे नये वायुसेना प्रमुख


भारत सरकार ने 17 दिसम्बर 2016 को एक बड़ा फैसला लेते हुए उप-थलसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत को सेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। सरकार ने इसके साथ ही उप वायुसेना प्रमुख एयर मार्शल बीएस धनोआ को वायुसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। बिपिन रावत मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले हैं। पिछले 33 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी अफसर को उसके वरिष्ठ अफसरों पर तरजीह देते हुए सेना प्रमुख नियुक्त किया गया हो। बिपिन रावत मौजूदा आर्मी चीफ दलबीर सिंह सुहाग की जगह लेंगे जबकि मौजूदा वायुसेना प्रमुख अरुप राहा की जगह एयर मार्शल बीएस धनोआ लेंगे।

बिपिन रावत अभी वाइस आर्मी चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं। उन्होंने ग्यारहवीं गोरखा राइफल की पांचवी बटालियन से 1978 में अपने करियर की शुरुआत की थी। वर्तमान भारतीय सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरूप राहा इस साल 31 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं।

इनके अलावा शनिवार को दो अन्य प्रमुख पदों के लिए नए नामों का एलान हुआ है। झारखंड काडर के आईपीएस अधिकारी राजीव जैन अगले आईबी चीफ़ बनाए गए हैं और अनिल धसमाना को रॉ का प्रमुख बनाने की घोषणा की गई है।



गुरुवार, 1 दिसंबर 2016

आपका समसामयिकी डॉट कॉम पर स्वागत है।

प्यारे मित्रों ,
आपका Samsamayiki.com (समसामयिकी डॉट कॉम) पर स्वागत है। 
आप हमारी इस वेबसाइट पर समसामयिकी घटना चक्र हिंदी में पढ़ कर अपनी प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर सकते है। 

Popular/Trending News